Joharlive Desk : रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधरः द रिवेंज’ यानी ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी है। फिल्म ने पहले दिन 97 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर इतिहास बना दिया। इससे पहले शाहरुख खान की फिल्म जवान ने ओपनिंग डे पर 75 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन ‘धुरंधर 2’ ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
पेड प्रीव्यू से ही बना दिया माहौल
फिल्म का क्रेज रिलीज से पहले ही देखने को मिल गया था। ‘धुरंधर 2’ ने पेड प्रीव्यू में ही 47 करोड़ रुपये कमा लिए थे। अगर ओपनिंग डे और पेड प्रीव्यू को जोड़ दें, तो फिल्म का कुल कलेक्शन 144 करोड़ रुपये पहुंच गया है। यह किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए बेहद बड़ी शुरुआत मानी जा रही है।
वीकेंड पर 500 करोड़ पार करने का अनुमान
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के पहले वीकेंड के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। आमतौर पर 40 से 50 प्रतिशत सीटें ही पहले से बुक होती हैं, ऐसे में उम्मीद है कि गुरुवार से रविवार तक फिल्म का कलेक्शन 500 करोड़ रुपये के पार जा सकता है।
लंबाई भी बनी चर्चा का विषय
‘धुरंधर 2’ सिर्फ कमाई ही नहीं, अपनी लंबाई को लेकर भी चर्चा में है। फिल्म की अवधि 3 घंटे 49 मिनट है, जो इसे 21वीं सदी की दूसरी सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म बनाती है। इससे पहले LOC: Kargil 4 घंटे 15 मिनट के साथ सबसे लंबी फिल्म रही है।
स्टारकास्ट और मेकर्स ने जोड़ी ताकत
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं। फिल्म को आदित्य धर ने लिखा, डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है। वहीं ज्योति देशपांडे और लोकेश धर भी इसके प्रोड्यूसर हैं।
पहले पार्ट की सफलता ने बढ़ाया भरोसा
‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1303 करोड़ रुपये की कमाई की थी। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 1005 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा, जबकि नेट कलेक्शन करीब 836 करोड़ रुपये था। विदेशों में भी फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। खासकर अमेरिका और कनाडा में फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए Baahubali 2: The Conclusion का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया था।
Also Read : रांची में बड़ा हादसा : चलती CRPF वैन पर गिरा बिजली का पोल, चालक घायल


