New Delhi : राजधानी दिल्ली में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय कारणों और हवा की धीमी गति के कारण शनिवार को लगातार पांचवें दिन हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रही। सुबह की शुरुआत घने कोहरे, धुंध और स्मॉग की मोटी परत के साथ हुई।
कई इलाकों में दृश्यता बहुत कम हो गई। इससे लोगों को आंखों में जलन महसूस हुई और सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कम दृश्यता के कारण सड़क यातायात और हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक आनंद विहार, आईटीओ, विवेक विहार, जहांगीरपुरी, अशोक विहार और मुंडका जैसे इलाकों में AQI 410 से 430 के बीच दर्ज किया गया। कई अन्य क्षेत्रों में भी हवा की गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है।
मौसम विभाग ने शनिवार सुबह घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 21 और 22 दिसंबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों के अनुसार अभी चार दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है।
सुबह और रात के समय नमी ज्यादा रहने के कारण कोहरा बना हुआ है। इससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


