Patna : पटना की सड़कों और प्रमुख क्षेत्रों में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें जोर देकर कहा गया है—”ना दंगा हो, ना फसाद हो, बिहार का सीएम सिर्फ चिराग हो।” ये पोस्टर लोजपा (रामविलास) की ओर से लगाए गए हैं और जिलाध्यक्ष इमाम गजाली की अगुवाई में शहर में लगाए गए।
पोस्टरों में आगे लिखा गया है-“सजाओ इनके सर पर ताज, तभी आएगा बिहार में स्वर्ण काल। मोदी जी का मिला अपने हनुमान को आशीर्वाद, चिराग होंगे बिहार के नए सरताज। बिहार मांगे चिराग। अब वक्त आ गया है युवा मुख्यमंत्री बनाने का। एनडीए की होगी सरकार, सीएम होगा सिर्फ चिराग, सिर्फ चिराग।”
पहली बार नहीं, पहले भी उठ चुकी है मांग
यह पहली बार नहीं है जब चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठी हो। जमुई के सांसद और चिराग के जीजाजी अरुण भारती पहले ही कह चुके हैं कि वे चिराग को बिहार का मुखिया देखना चाहते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया था कि मुख्यमंत्री का फैसला गठबंधन की सहमति से होगा। अब पोस्टरों और समर्थकों की मांग के बाद चिराग का नाम सियासी बहस में और मजबूत हो गया है।
बिहार के अगले CM को लेकर चर्चा
नीतीश कुमार के राज्यसभा नॉमिनेशन के बाद बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। बीजेपी से डिप्टी CM सम्राट चौधरी, डिप्टी CM विजय सिन्हा, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय और नीतीश मिश्रा के नाम चर्चित हैं। जेडीयू में मंत्री विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार के नाम चर्चा में हैं। महिला नेताओं में श्रेयसी सिंह और गायत्री देवी के नाम को भी महत्व दिया जा रहा है। इसके अलावा निशांत कुमार (नीतीश कुमार के बेटे) हाल ही में जेडीयू में शामिल होने के बाद चर्चित हुए हैं। इन सभी नामों में अब चिराग पासवान का नाम भी प्रमुखता से शामिल हो गया है। एनडीए गठबंधन के फैसले का इंतजार है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।
युवा नेतृत्व और बदलाव की उम्मीद
लोजपा समर्थक और शहर के युवा नेता पोस्टरों के जरिए यह संदेश दे रहे हैं कि बिहार में युवा नेतृत्व को मौका मिलना चाहिए। पोस्टरों और समर्थकों की मांग से स्पष्ट है कि बिहार के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सिर्फ चिराग पासवान को देखा जाना चाहिए।
Also Read : तमिलनाडु में फंसी नोवामुंडी की चार आदिवासी बच्चियां, ग्रामीणों ने विधायक से लगाई मदद की गुहार

