Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के सीरका गांव में बुधवार को एक सिंचाई कुएं से अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव कुएं के अंदर फंदे से लटका हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल काफी गंभीर हो गया।
दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को हुआ शक
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुएं की ओर से तेज दुर्गंध आ रही थी। पहले लोगों ने इसे सामान्य बात समझा, लेकिन जब दुर्गंध लगातार बढ़ती गई और कुएं के अंदर संदिग्ध स्थिति दिखाई दी, तब लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत इसकी सूचना नीमडीह थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बाहर निकलवाया शव
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतन तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुएं की गहराई काफी ज्यादा थी और उसके अंदर पानी भी भरा हुआ था, जिससे शव को बाहर निकालना आसान नहीं था। स्थानीय लोगों की मदद से पहले प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। स्थिति को देखते हुए हाइड्रा और पोकलेन मशीन मंगाई गई। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। बाहर निकाले जाने तक शव पूरी तरह सड़-गल चुका था।
पहचान कर पाना फिलहाल मुश्किल
पुलिस के अनुसार शव की हालत इतनी खराब थी कि युवती की पहचान तुरंत कर पाना संभव नहीं हो सका। मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव पर चेकदार गुलाबी रंग का पायजामा, सफेद रंग का सलवार-कमीज और पिंक रंग का दुपट्टा मिला है। लंबे समय तक पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह खराब हो चुका है।
प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका
थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। आशंका है कि युवती ने दुपट्टे के सहारे फंदा बनाकर कुएं के अंदर ही जान दे दी। पुलिस को कुएं के भीतर नीचे उतरने के लिए पत्थरों से बना अस्थायी सीढ़ीनुमा रास्ता भी मिला है। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि युवती खुद नीचे उतरी और फिर यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है, ताकि मृतका की पहचान हो सके। गांव में इस घटना के बाद डर और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
Also Read : मां और 7 वर्षीय बेटा रहस्यमय तरीके से लापता, एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं, सूचना देने वाले को इनाम


