Pakur : गुड गवर्नेंस वीक के तहत पाकुड़ सदर अंचल कार्यालय में नई सुविधाओं की शुरुआत की गई। DC मनीष कुमार ने नवनिर्मित मंईया कक्ष, ऊर्जा कक्ष और हेल्प डेस्क का फीता काटकर और नारियल फोड़कर उद्घाटन किया। इस मौके पर अंचल कार्यालय परिसर को सुंदर और व्यवस्थित तरीके से सजाया गया था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि एक ओर जिले में क्रिसमस पर्व खुशी के साथ मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर गुड गवर्नेंस डे के रूप में सुशासन सप्ताह भी मनाया जा रहा है। उन्होंने सदर अंचल कार्यालय द्वारा आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई इस पहल की सराहना की।
उपायुक्त ने बताया कि महिलाओं के लिए मंईया कक्ष, आगंतुकों के लिए ऊर्जा कक्ष और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था से कार्यालय पहले से अधिक जनहितैषी बन गया है। उन्होंने कहा कि कार्यालय की बेहतर साज-सज्जा और सुविधाओं से लोगों को सकारात्मक प्रशासनिक अनुभव मिलेगा।
इस पहल के लिए उपायुक्त ने अंचलाधिकारी अरबिंद कुमार बेदिया और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इसी तरह की व्यवस्था अगले एक से दो महीने में जिले के सभी छह प्रखंडों में लागू की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को और बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिल सकें।


