Johar Live Desk : भारतीय टीम के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और अंततः ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। खानचंद को लीवर कैंसर था, जो चौथे स्टेज तक पहुंच चुका था।
टी20 विश्व कप के बीच पिता से मिलने गए रिंकू
टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रिंकू सिंह गुरुवार की शाम चेन्नई में थे। जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले उन्होंने टीम से ब्रेक लिया और ग्रेटर नोएडा अपने पिता से मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद वह फिर टीम इंडिया में लौट गए। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में रिंकू प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उससे पहले खेले गए पांच मैचों में वह लगातार भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में रहे।
गरीबी में गुज़रा रिंकू का बचपन
रिंकू का बचपन आसान नहीं था। उनके पिता सिलेंडर डिलीवरी का काम करते थे और रिंकू भी अपने पिता का हाथ बंटाते थे। 2024 में एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें खानचंद सिंह कंधे पर सिलेंडर उठाकर डिलीवरी करते नजर आए। रिंकू ने बताया था कि उनके पिता कभी आराम नहीं करते थे, उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी यही काम किया और अपने काम से बहुत प्यार करते थे।
परिवार और फैंस में शोक
रिंकू सिंह के पिता का निधन उनके लिए एक बड़ा झटका है। सोशल मीडिया पर फैंस और साथी खिलाड़ियों ने रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अब क्रिकेट और परिवार दोनों ही रिंकू के लिए भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण समय हैं।
Also Read : JPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 : फिर बदली तारीख, अब 12 अप्रैल को होगी पीटी


