Johar Live Desk : भारतीय क्रिकेट टीम के लेग स्पिनर राहुल चाहर ने सोशल मीडिया के जरिए अपने वैवाहिक जीवन को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में पुष्टि की कि वे अपनी पत्नी इशानी जौहर से आधिकारिक रूप से अलग हो चुके हैं। दोनों ने 9 मार्च 2022 को गोवा में शादी की थी, लेकिन साढ़े तीन साल बाद यह रिश्ता अब खत्म हो गया।
View this post on Instagram
कम उम्र में शादी का फैसला और अनुभव
राहुल ने अपने पोस्ट में भावनाओं का इजहार करते हुए बताया कि उन्होंने कम उम्र में शादी करने का निर्णय पूरी समझ के बिना लिया था। उस समय वे जीवन की प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को लेकर स्पष्ट नहीं थे। उन्होंने कहा कि यह रिश्ता उन्हें बहुत कुछ सिखा गया। पिछले 15 महीनों में उन्हें कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा, जिसने उन्हें धैर्य, मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास का महत्व सिखाया।
कानूनी औपचारिकताओं के बाद रिश्ता हुआ खत्म
लेग स्पिनर ने बताया कि अब आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और यह अध्याय अब औपचारिक रूप से समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में समय और आर्थिक संसाधन काफी लगे, लेकिन वे इस रिश्ते को गुस्से या पछतावे के साथ नहीं बल्कि समझदारी और स्पष्ट सोच के साथ पीछे छोड़ रहे हैं। राहुल के अनुसार, कुछ रिश्ते जीवन भर के लिए नहीं होते, बल्कि यह हमें सीख देने और बदलने के लिए आते हैं।
नई शुरुआत की ओर
राहुल ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें पहले से अधिक परिपक्व और आत्म-जागरूक बना दिया है। अब उनका ध्यान अपने जीवन को बेहतर दिशा में आगे बढ़ाने पर है।
Also Read : झारखंड में मौसम करवट लेने को तैयार, अगले तीन दिनों में बारिश के आसार


