Ranchi : झारखंड में गुरुवार को मौसम बिल्कुल साफ नजर आ रहा है। राजधानी में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह और शाम चल रही ठंडी हवा ने मौसम को सुहाना बना दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोग एक बार फिर हल्के स्वेटर या जैकेट निकालते दिख रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज रांची का न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक जाने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी
पिछले 48 घंटों की बात करें तो राज्य के ज्यादातर जिलों में रात का तापमान 14 डिग्री के आसपास बना हुआ था। अब इसमें हल्की बढ़ोतरी हुई है और पारा 15 से 16 डिग्री तक पहुंच गया है। खासकर पाकुड़, गोड्डा, कोडरमा, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जैसे इलाकों में रात का तापमान 17 से 18 डिग्री तक रहने का अनुमान है। यानी अब कड़ाके की ठंड जैसी स्थिति नहीं है और रात में भारी कंबल की जरूरत लगभग खत्म हो गई है।
दोपहर की गर्मी बढ़ाने लगी परेशानी
एक तरफ सुबह-शाम हल्की ठंडक है, तो दूसरी तरफ दोपहर की गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है। दक्षिणी जिलों जैसे जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में दिन का तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंच रहा है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार जाता दिख रहा है। लोगों का कहना है कि इस बार ठंड खत्म होते ही गर्मी ने जल्दी दस्तक दे दी है।
अप्रैल-मई से पहले ही गर्मी के संकेत
आमतौर पर अप्रैल और मई को सबसे गर्म महीने माना जाता है, लेकिन इस बार फरवरी के आखिर में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
Also Read : दुमका में खौफनाक सड़क हादसा : हाईवा की टक्कर से चार गाड़ियां जलकर राख, एक की मौ’त (VIDEO)

