Johar Live Desk : टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम आज यानी गुरुवार को अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे से भिड़ने जा रही है। मुकाबला चेन्नई के मशहूर एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक स्टेडियम) में खेला जाएगा। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। सुपर-8 के पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत को South Africa national cricket team के खिलाफ 76 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में सेमीफाइनल की उम्मीद जिंदा रखने के लिए टीम इंडिया को अपने बचे हुए दोनों मैच हर हाल में जीतने होंगे। साफ है कि ये मुकाबला भारत के लिए ‘करो या मरो’ जैसा है।
कैसी होगी चेपॉक की पिच?
चेन्नई की पिच की बात करें तो पारंपरिक तौर पर यहां स्पिन गेंदबाजों को मदद मिलती है। लेकिन इस टूर्नामेंट में तस्वीर थोड़ी अलग रही है। यहां अब तक खूब रन बरसे हैं। इसी मैदान पर काली मिट्टी वाली पिच पर न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ 183 रनों का लक्ष्य सिर्फ 17.5 ओवर में हासिल कर लिया था। इस ग्राउंड पर खेले गए 6 मुकाबलों में हर बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 170 से ज्यादा रन बनाए हैं। ऐसे में भारत और जिम्बाब्वे के बीच भी हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।
हेड टू हेड में भारत भारी
भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को 3 मुकाबलों में जीत मिली है। विश्व कप में दोनों टीमों की एक बार भिड़ंत हुई थी, जिसमें टीम इंडिया ने 71 रनों से जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार जिम्बाब्वे को हल्के में नहीं लिया जा सकता। इस टूर्नामेंट में वह श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों को हराकर आ चुकी है।
संभावित प्लेइंग-11
- भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह.
- जिम्बाब्वे : सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मारुमानी, रयान बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, रिचर्ड नगारावा, डायन मायर्स, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजारबानी.
Also Read : झारखंड में साफ मौसम, ठंडी हवा से सुहाना हुआ दिन


