Jamshedpur : जमशेदपुर जिले में जनगणना-2027 की प्रक्रिया की शुरुआत हो गई है। इस मौके पर जिले के डीसी राजीव रंजन ने एक मिसाल पेश करते हुए सबसे पहले खुद अपना स्व-गणना (Self Enumeration) पूरा किया। उन्होंने यह प्रक्रिया अपने आवासीय कार्यालय में ऑनलाइन माध्यम से पूरी की। डीसी राजीव रंजन ने जनगणना-2027 के तहत पोर्टल पर खुद रजिस्ट्रेशन कर सभी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की। उनका कहना है कि जब प्रशासन खुद आगे बढ़कर भागीदारी करेगा, तभी आम लोग भी इस प्रक्रिया को गंभीरता से लेंगे।
लोगों से की भागीदारी की अपील
डीसी ने जिले के सभी लोगों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया में पूरी जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि आने वाले समय की योजनाओं की नींव है। जनगणना अधिकारी सह जिला बंदोबस्त अधिकारी मोजाहिद अंसारी ने जानकारी दी कि यह अभियान दो चरणों में पूरा किया जाएगा-
- पहला चरण: 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना कार्य
- दूसरा चरण: 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना
इस दौरान प्रगणक (enumerator) घर-घर जाकर लोगों से डेटा इकट्ठा करेंगे।
घर-घर पहुंचेगा जनगणना दल
अधिकारियों के मुताबिक, दूसरे चरण में टीमें घर-घर जाकर लोगों की जानकारी जुटाएंगी। इसके लिए पूरी व्यवस्था तैयार कर ली गई है ताकि किसी भी तरह की दिक्कत न हो। डीसी राजीव रंजन ने कहा कि जनगणना सिर्फ आंकड़े इकट्ठा करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह सरकार की योजनाओं को सही लोगों तक पहुंचाने का आधार भी है। उन्होंने कहा कि सही डेटा के आधार पर ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य योजनाओं का बेहतर लाभ लोगों तक पहुंच सकता है।
Also Read : पलामू में तिलक चढ़ाने गए रिश्तेदार व पंडित को लगी गोली, पूर्व मुखिया गिरफ्तार


