Jamshedpur : मानगो उलीडीह थाना क्षेत्र के श्यामनगर नदी किनारे पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार रात वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने बुधवार रात करीब 8 बजे श्यामनगर नदी किनारे छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त शंकोसाई निवासी मनीष कुमार यादव को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 26 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन 3.870 ग्राम बताया गया है।
इस मामले में मानगो उलीडीह ओपी में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापामारी दल में पटमदा डीएसपी बचनदेव कुजूर के अलावा उलीडीह ओपी प्रभारी एसआई मो. शारीक अली, एसआई विष्णु चरण भोगता, एसआई विवेक पाल, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई विजय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया गया था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Also Read : जम्मू-कश्मीर के डोडा में बड़ा सड़क हादसा, 4 सैनिकों की शहादत


