Doda : जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के चार जवान शहीद हो गए और नौ अन्य घायल हो गए। हादसा भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप (थानाला क्षेत्र) के पास हुआ, जहां सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
वाहन में कुल 17 जवान सवार थे, जो एक ऊंची पोस्ट की ओर जा रहे थे। ड्राइवर के नियंत्रण खोने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिर पड़ा। बचाव अभियान में सेना और पुलिस ने मिलकर काम किया, जिसके बाद चार जवानों के शव बरामद किए गए। नौ घायल जवानों को तुरंत घटनास्थल से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इनमें से तीन को गंभीर चोटें आई है, जिन्हें हेलीकॉप्टर से उधमपुर मिलिट्री अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया है।
सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और सभी शहीद जवानों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। घायलों का इलाज जारी है और उनकी सेहत पर नजर रखी जा रही है। भारतीय सेना ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। यह घटना पहाड़ी इलाकों में सैन्य वाहनों की आवाजाही के दौरान होने वाली जोखिमों को एक बार फिर उजागर करती है। इस हादसे ने पूरे देश में शोक की लहर दौड़ा दी है।
Also Read : दुर्दांत अनल, अनमोल और चंदन समेत 15 नक्सलियों का खात्मा, मुठभेड़ जारी

