Bokaro : बोकारो एसपी कार्यालय से जुड़े ट्रेजरी घोटाले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। अकाउंटेंट कौशल कुमार पांडेय पर लगे गबन के आरोप में अब रकम 8 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है और जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह आंकड़ा जल्द ही 9 करोड़ तक जा सकता है। यह मामला तब सामने आया जब झारखंड के महालेखागार चंद्रमौली सिंह ने वित्त सचिव को पत्र लिखकर वेतन से अधिक निकासी की जानकारी दी। इसके बाद शुरू हुई जांच में धीरे-धीरे घोटाले की परतें खुलने लगीं।
पत्नी समेत कई खातों में ट्रांसफर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कौशल पांडेय ने अपनी पत्नी और अन्य लोगों के बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की। गिरफ्तारी के बाद उसने करीब 4 करोड़ 27 लाख रुपये की निकासी की बात स्वीकार की थी, लेकिन जांच बढ़ने के साथ यह आंकड़ा तेजी से बढ़ता गया।
डीसी जांच के बाद बढ़ी रकम
जिला उपायुक्त अजय नाथ झा द्वारा अलग से जांच शुरू कराए जाने के बाद घोटाले की राशि में और इजाफा हुआ। कौशल के जेल जाने के कुछ ही घंटों में गबन की रकम 6 करोड़ तक पहुंच गई थी, जो अब 8 करोड़ के पार बताई जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि अभी और खातों की जांच बाकी है, जिससे घोटाले का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
दूसरे जिलों तक पहुंची जांच
जांच के दौरान इस तरह के अनियमित लेनदेन के संकेत राज्य के अन्य जिलों में भी मिले हैं। इससे पूरे मामले का दायरा और बढ़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के वित्त विभाग की टीम भी जांच में जुट गई है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
आगे और कार्रवाई की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार जिन लोगों के खातों में यह रकम ट्रांसफर हुई है, उन पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस और प्रशासन मिलकर पूरे घोटाले की कड़ियां जोड़ने में लगे हैं।
Also Read : सड़ते श’व के साथ पांच दिन तक फ्लैट में रहे परिजन, धनबाद में चौंकाने वाला मामला


