Koderma : कोडरमा के डोमचांच थाना क्षेत्र के धरियावर गांव में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक 8 साल के बच्चे आर्यन कुमार का शव गांव के ही एक कुएं से बरामद किया गया। सुबह जैसे ही शव मिलने की खबर फैली, पूरे गांव में हड़कंप मच गया और परिवार में चीख-पुकार शुरू हो गई।
रात में दो नकाबपोश ने किया अपहरण
मृतक की मां उर्मिला ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे वह अपने बेटे आर्यन के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान दो नकाबपोश घर में घुसे और बच्चे को जबरन उठाकर ले गए। उसने बच्चे को बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। इसके बाद उसने तुरंत अपने मायके वालों और पुलिस को सूचना दी।
सुबह कुएं में दिखा शव, गांव में मची हलचल
बुधवार सुबह गांव की एक महिला महुआ चुनकर लौट रही थी, तभी उसकी नजर कुएं में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी। उसने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस भी पहुंची और शव को बाहर निकाला। पहचान होते ही परिवार के लोग बिलख पड़े।
पुलिस को प्रेम प्रसंग में हत्या का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला उलझता नजर आ रहा है। थाना प्रभारी अभिमन्यु परिहार के अनुसार, बच्चे की मां और उसके फूफा अशोक यादव के बीच प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, आर्यन अपनी मां के साथ सो रहा था, तभी फूफा अशोक यादव उसे वहां से लेकर गया और उसकी हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया। इस मामले में एक अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता बताई जा रही है, जिसकी तलाश जारी है।
मां और फूफा हिरासत में, पूछताछ जारी
घटना के बाद पुलिस ने बच्चे की मां और फूफा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसडीपीओ अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
परिवार के आरोप, गांव में गुस्सा
मृतक के दादा अनिल यादव ने आरोप लगाया कि बच्चे को अपनी मां के अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी, इसी वजह से उसकी हत्या की गई। वहीं, मामा बबलू यादव का कहना है कि उसकी बहन के साथ ससुराल में अक्सर मारपीट होती थी और इस घटना में ससुराल पक्ष के लोग शामिल हैं। ग्रामीणों का भी गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया और दादा-दादी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Also Read : धनबाद के गैस प्रभावित इलाके में धंसी जमीन, सड़क बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट

