Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के केंदुआडीह कोलियरी क्षेत्र में बुधवार को बड़ा खतरा टल गया, जब ओल्ड जीएम बंगला के पास केंदुआ मुख्य मार्ग पर कई जगह करीब डेढ़ फीट तक जमीन धंस गई। यह इलाका पहले से गैस प्रभावित है, ऐसे में भू-धसान का खतरा और बढ़ गया है। हालांकि इस घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई है।
सुरक्षा के लिए रास्ता डायवर्ट
घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए धंसे हुए हिस्से को बैरिकेडिंग कर दिया और मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक दिया। फिलहाल ट्रैफिक को पुराना थाना मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है।
बीसीसीएल प्रबंधन ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही बीसीसीएल प्रबंधन मौके पर पहुंचा और स्थिति का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र पहले से ही भू-धसान और अग्नि प्रभावित घोषित है। प्रबंधन अब यह आकलन कर रहा है कि सड़क की दरार के दायरे में आने वाले घरों पर कितना खतरा है। साथ ही गैस प्रभावित इलाके में रहने वाले कई परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की तैयारी भी चल रही है।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि बीसीसीएल पिछले कई महीनों से गैस समस्या को लेकर काम कर रहा है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं निकला है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।
अधिकारियों का बयान
पीबी एरिया के जीएम जीसी साहा ने बताया कि जमीन के नीचे पुरानी गैलरी है, जिसका पिलर आग की वजह से कमजोर हो गया है। इससे जमीन धंसने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और प्रशासन को भी पूरी जानकारी दे दी गई है।
Also Read : ‘कॉफी विद एसडीएम’ में आज शिक्षा पर फोकस, शिक्षकों से मांगे जाएंगे सुझाव




