सरकारी नौकरी का सपना लेकर सालों तक पढ़ाई करने वाले हजारों युवा हर भर्ती परीक्षा से बड़ी उम्मीदें जोड़ते हैं. लेकिन जब परीक्षा के नतीजों पर ही सवाल उठने लगें, तो सबसे बड़ा झटका उन्हीं युवाओं को लगता है. झारखंड में 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम को लेकर उठे विवाद के बीच अब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी खुलकर मैदान में उतर आया है. संगठन ने ऐलान किया है कि JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, रोजगार, नियोजन नियमावली और लंबित भर्तियों जैसे मुद्दों को लेकर पूरे राज्य में जनजागरण अभियान और आंदोलन चलाया जाएगा.
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजयुमो की प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी की बैठक प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज की अध्यक्षता में हुई. बैठक में 14वीं JPSC संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों, रोजगार, नियोजन नियमावली और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति भी तय की गई.
JPSC रिजल्ट से लेकर रोजगार तक सरकार को घेरा
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा हमेशा झारखंड के युवाओं की आवाज रहा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और युवाओं के हर मुद्दे को मजबूती से उठाने का आह्वान किया.
भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय 1932 आधारित नियोजन नीति लागू करने का वादा किया था, लेकिन आज भी कई नियुक्तियां 1985 कट-ऑफ के आधार पर की जा रही हैं. इससे सरकार के वादों और हकीकत के बीच का अंतर साफ नजर आता है.
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि झारखंड का युवा रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उम्मीद कर रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार इन उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है. उन्होंने कहा कि सरकार अब तक स्पष्ट और स्थायी नियोजन नियमावली नहीं बना सकी है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
बैठक में नेताओं ने 14वीं JPSC परीक्षा के परिणाम को लेकर उठ रहे सवालों पर भी चिंता जताई. उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है, ताकि युवाओं का भरोसा बना रहे.
प्रदेशभर में चलेगा जनजागरण अभियान
बैठक में रोजगार, लंबित भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही देरी, बढ़ते पलायन और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई. इसके बाद निर्णय लिया गया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरे झारखंड में जनजागरण अभियान चलाएगा.
संगठन ने कहा कि अभियान के दौरान युवाओं के बीच पहुंचकर रोजगार, नियोजन नियमावली, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और लंबित भर्तियों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा. साथ ही लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर सरकार पर इन मुद्दों के समाधान का दबाव बनाया जाएगा.
बैठक में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, भाजयुमो प्रदेश प्रभारी विनय जायसवाल सहित प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे. बैठक का संचालन भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने किया.
Also Read : महिला आरक्षण पर फिर छिड़ी बहस, ALIFA बोला- अब और इंतजार नहीं

