Dhanbad : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की ओर से जारी अधिसूचना के तहत राज्य के सभी 14 संसदीय क्षेत्रों में नए प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के लिए भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी का कहना है कि इस फैसले का मकसद जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करना और आने वाले चुनावों की तैयारी को तेज करना है।
धनबाद की कमान अनूप सिंह को
इस नई सूची में सबसे अहम नाम धनबाद लोकसभा क्षेत्र का रहा, जहां बोकारो जिले के बेरमो विधानसभा से विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह को प्रभारी बनाया गया है। अनूप सिंह पहले भी धनबाद की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने 2024 लोकसभा चुनाव में अपनी पत्नी अनूपमा सिंह को कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़वाया था, हालांकि उस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिल पाई थी।
संगठन को मजबूत करने की तैयारी
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि इन नई नियुक्तियों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कार्यकर्ताओं को सीधे जमीनी स्तर पर काम करने का मौका मिलेगा। धनबाद में अनूप सिंह की नियुक्ति को पार्टी की रणनीतिक चाल माना जा रहा है, खासकर तब जब लोकसभा और विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को सक्रिय किया जा रहा है।


