Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के चतरा रोड स्थित महाराजगंज बाजार में बीती देर शाम बड़ी चोरी की घटना सामने आई। इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। मिली जानकारी के मुताबिक, महाराजगंज निवासी और सोने के व्यवसायी अलखदेव पोद्दार अपनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ कीमती जेवर अपनी बाइक की डिक्की में रख दिए थे।
जैसे ही वे दुकान का शटर बंद कर ताला लगाने में व्यस्त हुए, तभी काले रंग की अपाचे बाइक से आए अज्ञात बदमाशों ने मौके का फायदा उठा लिया। आरोपियों ने झट से बाइक की डिक्की खोली और उसमें रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।
इटखोरी की ओर भागे बदमाश
घटना के बाद जब तक दुकानदार कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी इटखोरी की दिशा में भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में शोर-शराबा और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। कुछ ही देर में पूरा बाजार भीड़ से भर गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और बदमाशों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।
Also Read : सांसद वीडी राम की पहल रंग लाई, गढ़वा-पलामू से राजस्थान के लिए सीधी ट्रेन जल्द


