Jamtara : बालाजी ज्वेलर्स में सरेशाम हुई लूट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लोडेड पिस्टल, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और लूटे गए सोने के जेवरात बरामद किए गए हैं। यह घटना 24 दिसंबर 2025 की शाम करीब छह बजे की है। चार अपराधी बाइक से बालाजी ज्वेलर्स पहुंचे और दुकान में घुसते ही मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी। गोली लगने से अमन वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने दुकान से सोने के आभूषण लूटे और बाजार में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान राजकुमार मेहता के निर्देश पर तीन विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इनमें जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी, नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो और डीएसपी संजय कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अजीत यादव और हसमत अंसारी को बिना नंबर की पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अजीत यादव के पास से 7.65 एमएम बोर का लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुआ, जिसमें चार जिंदा कारतूस लगे थे। पूछताछ में दोनों ने लूट कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चंदन कुमार साव और मुकेश यादव को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से बिना नंबर की तीन मोटरसाइकिलें, लूटे गए सोने की अंगूठी और बाली, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य आपराधिक साक्ष्य भी बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने घटना से पहले भी लूट की कोशिश की थी, लेकिन पुलिस गश्ती के कारण वह प्रयास असफल हो गया था।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह देवघर जिले में लंबे समय से सक्रिय रहा है और इसके सदस्यों के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Also Read : रांची में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, चोरी की आठ गाड़ियां जब्त


