Koderma : कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपचो बाजार में आठ जनवरी की रात बरामद शव और हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में शामिल आरोपी गौतम राणा को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोडरमा एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी रतीभान सिंह ने बताया कि आठ जनवरी की रात पिपचो बाजार में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस जांच के दौरान संजु देवी, पति स्वर्गीय सुभाष राणा, निवासी बेको, थाना जयनगर, जिला कोडरमा ने शव की पहचान अपने पति सुभाष राणा के रूप में की। इसके बाद संजु देवी के बयान के आधार पर जयनगर थाना में कांड संख्या 6/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस हत्याकांड में संलिप्त आरोपी गौतम राणा को गिरफ्तार किया। डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि घटना के दिन सुभाष राणा अपने बहनोई गौतम राणा, गौतम राणा के फुफेरा भाई श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव के साथ पिपचो बाजार में शराब पी रहे थे। कुछ देर बाद श्यामसुंदर राणा और विनोद यादव वहां से चले गए।
इसके बाद सुभाष राणा और गौतम राणा ने दोबारा दुकान से शराब खरीदी और शराब पीने लगे। इसी दौरान गौतम राणा ने सुभाष राणा की पत्नी के बारे में आपत्तिजनक और अश्लील टिप्पणी कर दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मारपीट के दौरान गौतम राणा ने पास में पड़े पत्थर से सुभाष राणा के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल के पास से वह पत्थर भी बरामद कर लिया है, जिसे मामले में अहम साक्ष्य माना जा रहा है।
Also Read : बालाजी ज्वेलर्स लूट कांड का खुलासा, लोडेड पिस्टल के साथ चार आरोपी गिरफ्तार


