नई दिल्ली : यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस द्वारा गुरुग्राम स्थित उनके आवास से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है. समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. यह घटनाक्रम दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच सामने आया है. हालांकि, ध्रुव राठी को किस मामले में हिरासत में लिया गया है, इस बारे में पुलिस की ओर से फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
CJP के आधिकारिक X हैंडल पर किए गए पोस्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे सादे कपड़ों में लगभग 50 पुलिसकर्मी गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में ध्रुव राठी के आवास पर पहुंचे. पोस्ट में दावा किया गया है कि पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई. वहीं, सूत्रों के अनुसार, पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे उनके घर पहुंची थी.
CJP के प्रदर्शन के बीच कार्रवाई
दिल्ली में CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर प्रदर्शन का आह्वान किया है. प्रदर्शन के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति से जुड़े नियमों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर पर कार्यक्रम की इजाजत नहीं दिए जाने की बात भी कही है.
ध्रुव राठी इससे पहले 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP के प्रदर्शन में शामिल हुए थे. वहां उन्होंने SIR और चुनाव आयोग की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए थे.
9 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने के बाद ध्रुव राठी ने एक वीडियो जारी किया था. इसमें उन्होंने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और मेट्रो स्टेशनों को बंद करने जैसे प्रतिबंधों पर सवाल उठाए थे. इसके अगले दिन उनके घर से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई.
कौन हैं ध्रुव राठी?
ध्रुव राठी एक भारतीय यूट्यूबर, वीडियो क्रिएटर और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी हैं. उनका जन्म 8 अक्टूबर 1994 को हरियाणा के रोहतक में हुआ था. उनके कंटेंट में राजनीति के अलावा सामाजिक मुद्दे, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और समसामयिक घटनाएं भी शामिल रहती हैं. उनका नाम खास तौर पर ऐसे वीडियो के लिए जाना जाता है, जिनमें वह किसी मुद्दे को आंकड़ों, उदाहरणों और विजुअल्स के जरिए समझाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने शुरुआती पढ़ाई हरियाणा में की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए जर्मनी गए. उन्होंने जर्मनी के कार्लज़ूहे प्रौद्योगिकी संस्थान से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री और रिन्यूवल एनर्जी इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की. उनकी इंजीनियरिंग पृष्ठभूमि उनके शुरुआती कंटेंट में भी दिखाई देती थी, जहां तकनीक और पर्यावरण जैसे विषयों पर उनका ध्यान रहा.
दिल्ली से सटे इलाकों में सुरक्षा कड़ी
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली से सटे हरियाणा के इलाकों में भी पुलिस सतर्क है. बहादुरगढ़ में दिल्ली जाने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है. टिकरी बॉर्डर, झाड़ौदा बॉर्डर, यूईआर, रोहद टोल प्लाजा और कानोंदा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर पुलिस ने नाके लगाए हैं. संदिग्ध वाहनों और बसों की तलाशी के साथ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.
वहीं, सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है. कुंडली-सिंधु बॉर्डर पर भारी पुलिस बल के साथ वाटर कैनन, आंसू गैस, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं. दिल्ली जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है.

