Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह चोरी की एक बड़ी कोशिश को स्थानीय लोगों ने नाकाम कर दिया। गुरुद्वारा रोड निवासी उमाकांत सिंह के किरायेदार अखिलेश्वर दुबे के घर पर सुबह करीब 7:30 बजे तीन युवक प्लंबर का भेष धारण कर घर में चोरी करने पहुंचे।
संदिग्ध गतिविधि देख पड़ोसियों ने मचाया शोर
मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश्वर दुबे शुक्रवार को सासाराम गए हुए थे। इसी का फायदा उठाते हुए तीनों युवक घर में दाखिल हुए और घर के तीन-चार कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों और अन्य स्थानों में रखे कीमती सामान समेटकर भागने लगे। इस दौरान पड़ोसियों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई और उन्होंने शोर मचाया। स्थानीय लोगों ने मिलकर तीनों आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया और पहले उनकी पिटाई की, फिर पुलिस के हवाले किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ऋषभ, पवन मिश्रा और एक अन्य युवक के तौर पर हुई है।
जांच जारी
मानगो थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस फिलहाल पूरी जांच कर रही है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
Also Read : कर्पूरी ठाकुर की 102वीं जयंती पर राज्यपाल और सीएम ने दी श्रद्धांजलि

