Johar Live Desk : हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता असरानी की आज 85वीं जयंती है। उनका जन्म 1 जनवरी 1941 को राजस्थान के जयपुर में एक सिंधी परिवार में हुआ था। असरानी का असली नाम गोवर्धन असरानी था। उन्होंने अपने शानदार अभिनय और कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।
असरानी का नाम आते ही चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। शोले के जेलर, चुपके चुपके के प्रशांत कुमार, गुड्डी, बावर्ची और खट्टा मीठा जैसे किरदार आज भी याद किए जाते हैं। जयपुर के एक सामान्य कारोबारी परिवार से निकलकर उन्होंने मुंबई में कड़ी मेहनत के दम पर फिल्मों में पहचान बनाई। पढ़ाई के दौरान असरानी ने ऑल इंडिया रेडियो में वॉयस आर्टिस्ट के रूप में काम किया। फिल्मों का सपना लेकर वह मुंबई पहुंचे, लेकिन शुरुआत में उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। बिना ट्रेनिंग के मिली असफलता के बाद उन्होंने पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से अभिनय की पढ़ाई की।
FTII से निकलने के बाद भी रास्ता आसान नहीं था, लेकिन फिल्म गुड्डी से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। फिल्म शोले में जेलर का किरदार उनके करियर का सबसे यादगार रोल बना। असरानी ने सिर्फ कॉमेडी ही नहीं, बल्कि नेगेटिव और गंभीर भूमिकाएं भी निभाईं। जया बच्चन के साथ उन्होंने कई फिल्मों में काम किया और जया-अमिताभ की शादी में वह भाई की भूमिका में भी नजर आए थे।
20 अक्टूबर 2025 को असरानी के निधन के बाद भी उनकी यादें और उनका काम दर्शकों के बीच जिंदा है। उनकी जयंती के मौके पर आज उनकी फिल्म इक्कीस रिलीज हो रही है। इसके अलावा वह निर्देशक प्रियदर्शन की आने वाली फिल्मों भूत बंगला और हैवान में भी नजर आएंगे, जो 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है।
Also Read : नववर्ष की पहली सुबह निकली भव्य श्याम निशान यात्रा, शहर हुआ भक्तिमय


