Johar Live Desk : सर्दियां तेज हो चुकी हैं और ठंड से बचने के लिए लोग स्वेटर, मोजे और ऊनी कपड़े पहनते हैं। कई लोग रात में मोटा कंबल ओढ़ने के बाद भी स्वेटर पहनकर सोते हैं। लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या ऊनी कपड़े पहनकर सोना सेहत के लिए सही है या नहीं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, स्वेटर पहनना बाहर की ठंडी हवा से बचने के लिए बेहद अच्छा है। लेकिन कमरे के अंदर या सोते समय ज्यादा मोटा स्वेटर पहनने से शरीर गर्म होकर पसीना छोड़ सकता है। इससे रैशेज, खुजली और असहजता हो सकती है, जिसके कारण नींद खराब होती है। एक्सपर्ट्स कहते हैं कि अगर स्वेटर पहनना जरूरी लगे, तो हल्का और ढीला स्वेटर पहनें। टी-शर्ट के ऊपर पतला स्वेटर पहनकर सोना बेहतर विकल्प है।
नींद की क्वालिटी बढ़ाने के लिए सही कपड़े पहनना जरूरी है। कॉटन और लिनन जैसे फैब्रिक स्किन को सांस लेने देते हैं और शरीर की नमी सोख लेते हैं। ढीले कपड़े पहनने से नींद बेहतर आती है। ठंड के मौसम में हल्का, आरामदायक स्वेटर भी शरीर को गर्म रखता है।
मोजे पहनकर सोना भी कई लोगों को आराम देता है। गर्म मोजे पैरों को ठंड से बचाते हैं और नींद में मदद करते हैं, लेकिन बहुत टाइट मोजे पहनने से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है। इसलिए ढीले, स्ट्रेचेबल और साफ मोजे पहनें। गंदे मोजे पैरों की स्किन को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऊनी कपड़े पहनकर सोने से शरीर का तापमान काफी बढ़ सकता है। यह डायबिटीज या दिल की बीमारी वाले लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। जिन लोगों की स्किन ड्राई या एलर्जी वाली है, उन्हें ऊनी कपड़े पहनकर सोने से बचना चाहिए। सोने से पहले हल्के कपड़े पहनना और स्किन को मॉइस्चराइज़ करना बेहतर माना जाता है।
अच्छी नींद के लिए कुछ जरूरी टिप्स भी दिए गए हैं सोने से पहले कमरे में अंधेरा रखें, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से दूरी बनाएं, सही गद्दा और तकिया इस्तेमाल करें और रात में कैफीन या शराब न पिएं। सोने से पहले योग या मेडिटेशन करने से भी नींद गहरी आती है।
Also Read : फ्लाइट कैंसल होने से बढ़ी भीड़, रेलवे ने 37 ट्रेनों में 116 एक्स्ट्रा कोच लगाए


