Chaibasa: सारंडा जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा गांव के पास चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इसमें कोबरा बटालियन 209 के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में पुलिस के अन्य जवान और कुछ ग्रामीण भी घायल हुए हैं।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि की है। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी की जा रही है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और सुरक्षा बलों को हाल ही में बड़ी सफलताएं मिली हैं। नक्सलियों के इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई है।
प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है। सुरक्षा बलों का कहना है कि नक्सलियों को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान जारी रहेगा।

