Lohardaga : जिले के कुडू थाना क्षेत्र के ब्लॉक मोड़ पर रविवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने दो लोगों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो चालक भी घायल हुआ है और उसका इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है।
घटना उस समय हुई जब दुकानदार अपनी दुकान खोल रहे थे। कुडू-मस्जिद चौक निवासी सत्येंद्र साहू (39) अपनी दुकान खोलने के लिए बाहर आए और मोटरसाइकिल पार्क करके दुकान की ओर बढ़ रहे थे। तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
थोड़ी दूरी पर बैठे राजेश यादव (45), जो रांची के श्री मां ट्रांसपोर्ट के चालक थे और बिहार के गया जिले के निवासी थे, को भी टक्कर लगी। उन्हें गंभीर हालत में रांची रिम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बोलेरो चालक पिंटू सिंह (25), निवासी हाता टोली, भी घायल हुआ और उसका इलाज रांची के रिम्स में चल रहा है। कुडू थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Raed : एमएमसी जोन को बड़ा झटका : 20 लाख के इनामी दर्रेकसा कमांडर रोशन समेत तीन नक्सलियों ने किया सरेंडर


