Chatra : चतरा के सदर प्रखंड के भोज्या गांव में तालाब में डूबने से मां और दो बेटियों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना के बाद सदर अस्पताल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पोस्टमार्टम कराने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपये की मांग की गई। उनका कहना है कि पैसे न देने पर उन्हें अस्पताल परिसर में घंटों इधर-उधर भटकाया गया।
ऑनलाइन और नकद दोनों तरह से ली गई राशि
परिजनों के अनुसार, पहले 2500 रुपये एक मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए और उसके बाद 2500 रुपये नकद लिए गए, तभी जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
परिजनों में आक्रोश, जांच की मांग
घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर खुलेआम अवैध वसूली का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डीसी से कार्रवाई की अपील
परिजनों ने DC से पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।