Ramgarh : रामगढ़ जिले की पहचान बन चुकी पतरातू घाटी और पतरातू डैम अब पर्यटन के नए दौर में कदम रखने जा रहे हैं। प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर यह इलाका अब आधुनिक पर्यटन आकर्षण के रूप में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। पतरातू डैम को और भव्य बनाने के उद्देश्य से म्यूजिकल फाउंटेन पूरी तरह तैयार हो चुका है। मंगलवार देर शाम इसका सफल ट्रायल किया गया, जिसमें पानी की ऊंची-ऊंची फुहारें रंगीन रोशनी और संगीत के साथ लयबद्ध होकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिन और रात का अलग अनुभव
दिन में पर्यटक पहाड़ों, जंगलों, झील के शांत जल और साइबेरियन पक्षियों की चहचहाहट का आनंद ले सकेंगे। वहीं, शाम होते ही रोशनी, संगीत और लेजर का संगम पतरातू डैम को रोमांचक नाइट टूरिज्म स्थल बना देगा। म्यूजिकल फाउंटेन को और आकर्षक बनाने के लिए अत्याधुनिक लेजर शो की व्यवस्था भी की जा रही है, जिसमें पानी की धाराओं पर रंग-बिरंगे दृश्य और थीम आधारित प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी।
उद्घाटन और भविष्य की उम्मीदें
पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इसी माह के अंत तक इसका औपचारिक उद्घाटन कर दिया जाएगा। इस पहल से न केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
Also Read : शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग, 4 लाख का नुकसान


