Dhanbad : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जानकी कॉम्प्लेक्स के पास स्थित दीपक किराना स्टोर में बुधवार करीब तीन बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी दुकान इसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंची। संकरी जगह और दुकान में रखे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों को करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, आग में करीब 4 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है। दुकान में रखा अधिकांश किराना सामान, फ्रिज, अलमारी, काउंटर और अन्य उपकरण जलकर राख हो गए। सबसे बड़ा नुकसान अलमारी में रखी नगद राशि का हुआ। दीपक किराना स्टोर में करीब 1 लाख रुपये नकद भी जल गए।
दुकानदार दीपक साव ने बताया कि वह किराना दुकान के साथ-साथ वाहन चालकों के लिए मनी ट्रांसफर का कार्य भी करते थे, इसलिए दुकान में नकद राशि रखी थी। दीपक ने बताया कि मंगलवार रात करीब दस बजे वह नियमित रूप से दुकान बंद कर घर चले गए थे। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने से आसपास की दुकानों और इमारतों में भी दहशत फैल गई थी।
Also Read : बसंत पंचमी पर देवघर शिवमय, बाबा बैद्यनाथ का होगा तिलक

