Gayaji : डुंगेश्वरी पहाड़ से बुधवार की सुबह भव्य बौद्ध पद यात्रा “ज्ञान यात्रा” शुरू हो गई। इस पद यात्रा में बड़ी संख्या में भिक्षु, बौद्ध अनुयायी और श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। यात्रा में जिले के अधिकारी भी शामिल होकर भिक्षुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। जिला प्रशासन ने यात्रा की पूरी तैयारी पहले ही पूरी कर ली थी। प्रशासन की ओर से पूरे रूट की सफाई करवाई गई है और सड़क किनारे कचरे को हटा दिया गया है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त कर दी गई है। पद यात्रा डुंगेश्वरी-बोधगया मुख्य मार्ग से होते हुए सुझाता गढ़ बकरौर पहुंचेगी और इसके बाद विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर, बोधगया में समाप्त होगी। पूरे मार्ग के दौरान भिक्षु और अनुयायी शांति, करुणा और अहिंसा का संदेश देते हुए आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा में बौद्ध मंत्रोच्चार और प्रार्थनाओं से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक बना हुआ है।
जिला प्रशासन की जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अलर्ट मोड पर है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। बौद्ध अनुयायियों का कहना है कि यह पद यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में शांति और सौहार्द का संदेश फैलाने का भी माध्यम है। जिले और बोधगया क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
Also Read : पतरातू डैम पर म्यूजिकल फाउंटेन तैयार, पर्यटकों को मिलेगा नया आकर्षण


