Patna : पटना पुलिस में बड़े स्तर पर फेरबदल किया गया है। जिले में कानून-व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से कुल 53 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से दो सूची जारी की गई हैं। पहली सूची शुक्रवार रात जारी हुई, जिसमें 46 थानेदार और पुलिस पदाधिकारी शामिल थे। वहीं दूसरी सूची शनिवार सुबह जारी की गई, जिसमें 7 पदाधिकारियों का तबादला किया गया।
AHTU को मिला नया प्रभारी
इंस्पेक्टर राजेश तिवारी को पटना SSP के अंतर्गत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) का नया प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले वे कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात थे और हाल ही में कमला नेहरू नगर से लापता हुई 4 साल की बच्ची की तलाश की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई थी। वहीं कुछ महीने पहले कोतवाली की कमान संभालने वाले जनमेजय राय को अब कदमकुआं थाना का थानेदार बनाया गया है।
दूसरी सूची में 3 इंस्पेक्टर और 4 दारोगा का तबादला
दूसरी सूची के अनुसार :
- इंस्पेक्टर राज कुमार सिंह को शास्त्रीनगर और श्रीकृष्णापुरी का सर्किल इंस्पेक्टर (CI) बनाया गया है।
- इंस्पेक्टर नीरज कुमार पांडेय को कोतवाली और बुद्धा कॉलोनी का CI बनाया गया है। इससे पहले वे अगमकुआं थानेदार थे।
- दारोगा नीरज कुमार को फुलवारी शरीफ स्थित एम्स गोलंबर TOP का प्रभारी बनाया गया है।
- दारोगा चुन्नु पासवान को मुगलपुरा TOP खाजेकलां का प्रभारी बनाया गया है।
- दारोगा प्रभाकर कुमार को जक्कनपुर थाना भेजा गया है।
- दारोगा निशा को सगुना मोड़, दानापुर स्थित TOP का प्रभारी बनाया गया है।
विवादों के बाद हुआ फेरबदल
श्रीकृष्णापुरी और अगमकुआं थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी घटनाओं के बाद यह फेरबदल किया गया है। अगमकुआं थाना क्षेत्र में अस्पताल संचालिका सुरभि हत्याकांड को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे थे। दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर गोली मारकर हत्या की गई थी, लेकिन अब तक मामले का खुलासा नहीं हो सका। वहीं श्रीकृष्णापुरी थाना क्षेत्र के बोरिंग रोड में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना हुई थी। आरोप है कि घटना के दौरान स्थानीय थाना समय पर मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आरोपी फरार हो गए।
नए SSP के बाद तेज हुआ बदलाव
पटना के नए SSP कार्तिकेय शर्मा के पदभार संभालने के बाद से लगातार पुलिस प्रशासन में बदलाव किए जा रहे हैं। लंबे समय से एक ही थाने में जमे अधिकारियों को हटाकर नई जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
Also Read : रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की आपात हार्ड लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित


