Ramgarh : रामगढ़ थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी मोहल्ले में धंधार पोखर तालाब के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने तीन महीने से लापता युवक सोनू राम का नरकंकाल बरामद किया। कंकाल के साथ कपड़े और अन्य सामान मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को पूछताछ के दौरान रंजीत सिंह उर्फ नाना की निशानदेही पर धंधार पोखर के पास खुदाई की गई। देर रात वहां से मानव कंकाल के अवशेष, कपड़े, सिरिंज और कारतूस बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर थाना ले जाया गया। इसके बाद शुक्रवार को शिबू कॉलोनी स्थित एक घर के कुएं से पानी निकलवाकर तलाशी ली गई, जहां से कुछ और संदिग्ध सामान मिला। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह तक चलती रही।
कपड़ों की पहचान होते ही सोनू राम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने रंजीत सिंह पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया। घटना से नाराज लोगों ने न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर रामगढ़ शहर के सुभाष चौक को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर रामगढ़ एसडीओ अनुराग तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी नियमों के तहत मुआवजा देने और जमीन से जुड़ी मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को शिबू कॉलोनी के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान 17 सितंबर 2025 से लापता सोनू राम से जुड़े कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद नरकंकाल बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।


