Godda : झारखंड के गोड्डा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मकुंदी दिकवानी गांव में तीन साल की मासूम बच्ची निशा सोरेन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। निशा गांव के रमेश सोरेन की बेटी थी। गुरुवार दोपहर वह घर के सामने खेल रही थी, तभी अचानक लापता हो गई। परिजनों ने पहले आसपास तलाश शुरू की। जब काफी देर तक बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो गांव के लोग भी खोजबीन में जुट गए। देर रात तक पूरे इलाके में बच्ची की तलाश चलती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच गांव के कुछ लोगों की नजर पड़ोस के ही एक युवक पर पड़ी, जो संदिग्ध हालत में एक बोरी लेकर जा रहा था। उसके हाव-भाव देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। लोगों ने तुरंत उसे रोक लिया और बोरे की तलाशी ली। बोरी खुलते ही वहां मौजूद लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर लापता मासूम निशा का शव था। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
गुस्साई भीड़ ने दोनों आरोपियों को पकड़कर पीटा
शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही आरोपी प्रेम मुर्मू को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान उसने कथित तौर पर इस वारदात में एक और शख्स जर्मन सोरेन का नाम बताया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने दूसरे आरोपी को भी ढूंढ निकाला और उसकी भी पिटाई कर दी। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने भीड़ के कब्जे से दोनों आरोपियों को छुड़ाया और इलाज के लिए तुरंत सदर अस्पताल भेजा। वहीं, मासूम बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने क्या कहा
मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा ने बताया कि दोनों नामजद आरोपी बच्ची के पड़ोसी हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को अस्पताल भिजवाया है। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे क्या वजह है, यह अभी साफ नहीं है। मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। एक तीन साल की मासूम के साथ हुई इस क्रूर वारदात ने हर किसी को झकझोर दिया है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है।
Also Read : हेमंत सरकार को घेरने के लिए बीजेपी ने कसी कमर, आंदोलन की रणनीति तैयार


