Chaibasa : सदर अस्पताल चाईबासा एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। जनवरी 2023 में महिला के प्रसव के दौरान अस्पताल के ब्लड बैंक से चढ़ाए गए खून के कारण महिला, उसके पति और बड़ी बेटी HIV पॉजिटिव पाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला के पहले प्रसव के समय संक्रमित रक्त दिया गया, लेकिन तब किसी प्रकार के लक्षण दिखाई नहीं दिए। जून 2025 में जब महिला दूसरी बार गर्भवती हुई, तब उसकी रूटीन जांच में एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पति की जांच में भी HIV संक्रमण पाया गया। जनवरी 2026 में महिला के दूसरे बच्चे के जन्म के बाद, परिवार के बड़े बच्चे की जांच में भी एचआईवी पॉजिटिव पाया गया। इस मामले ने सदर अस्पताल के ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला तीन साल पुराना होने का दावा किया जा रहा है। झारखंड के स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार ने पूरे प्रकरण की तत्काल जांच के आदेश दे दिए हैं।
पूर्व में, 25 अक्टूबर 2025 को भी थैलेसीमिया से ग्रसित छह बच्चों में एचआईवी संक्रमण सामने आया था। उस समय मुख्यमंत्री के निर्देश पर सिविल सर्जन ने ब्लड बैंक के प्रभारी और तकनीशियन को निलंबित और सेवामुक्त कर दिया था। सदर अस्पताल का ब्लड बैंक पूरे चाईबासा जिले में रक्त आपूर्ति का एकमात्र सरकारी स्रोत है। ऐसे मंम बार-बार सामने आने वाले एचआईवी संक्रमण के मामलों ने ब्लड बैंक की जांच और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. भारती गोरती मिंज ने बताया कि जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि संक्रमण मां से आया है या अन्य स्रोत से। सभी मेडिकल रिकॉर्ड, ब्लड ट्रांसफ्यूजन की तारीख और डोनरों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस मामले पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और CBI जांच की मांग की। उन्होंने इसे बड़ी साजिश की तरफ इशारा करने वाला बताया और कहा कि ब्लड बैंक संचालन और अस्पताल प्रशासन की निष्पक्ष जांच जरूरी है।
झारखंड में एक ही परिवार के तीन सदस्य एक महिला, उसका पति और उनकी बड़ी बेटी एचआईवी पॉजिटिव पाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, जनवरी 2023 में महिला की पहली डिलीवरी के दौरान चाईबासा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक से खून चढ़ाया गया था। यही वही ब्लड बैंक है, जो पिछले वर्ष थैलेसीमिया पीड़ित… https://t.co/SuNOeGEky2
— Babulal Marandi (@yourBabulal) January 20, 2026
Also Read : शेयर बाजार में सतर्क शुरुआत, निवेशक जोखिम से बच रहे


