Bhagalpur : बिहार के डिप्टी सीएम और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा का भूमि सुधार अभियान लगातार जारी है। अब वे 5 जनवरी 2026 को भागलपुर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद आयोजित करेंगे, जिसमें आमजन अपनी जमीन से जुड़ी समस्याएं सीधे साझा कर समाधान पा सकेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन टाउन हॉल, भागलपुर में किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक पहली पाली में आमजन अपनी शिकायतें रखेंगे। इस दौरान विभाग से जुड़ी ऑनलाइन सेवाओं और समस्याओं पर चर्चा होगी। कुछ मामलों में आवेदनकर्ताओं की समस्या पर अंचल अधिकारी और राजस्व कर्मचारी सीधे चर्चा करेंगे।
दूसरी पाली में, अपराह्न 3.30 बजे से 5 बजे तक, राजस्व विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, उपसमाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित सभी संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में ऑनलाइन सेवाओं जैसे दाखिल–खारिज, परिमार्जन प्लस, ई-मापी की समीक्षा और अभियान बसेरा 2 की स्थिति पर चर्चा होगी। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य है कि सभी भूमि सुधार सेवाएं समय सीमा में आमजन को उपलब्ध हों और भूमि अभिलेख अपडेट रहें। इससे भूमि विवाद कम होंगे और प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनेगी।
आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 10.30 बजे तक टाउन हॉल में होगा। आवेदन में अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर और अंचल का नाम जरूर देना होगा। पूर्व में दिए गए आवेदन भी संलग्न करने की अपील की गई है। डिप्टी सीएम ने आमजनों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भूमि सुधार से संबंधित कार्यों में किसी को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सभी जिलों में राजस्व ग्रामवार समीक्षा लगातार जारी रहेगी और मामलों का समय सीमा में निपटारा किया जाएगा।
Also Read : BCCI ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का दिया आदेश… जानें क्यों


