Seraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकरू प्रखंड की लेटेमदा पंचायत के नुतुनडीह गांव में जंगली हाथी के हमले से एक किसान की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की शिनाख्त नुतुनडीह गांव निवासी 50 वर्षीय बुका महतो उर्फ गौरांग महतो के तौर पर की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीती देर रात करीब तीन बजे बुका महतो अपने खेत में धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो को दी। उन्होंने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचना देकर मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने इलाके में जंगली हाथियों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताई है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
Also Read : जमुई रेल हादसा : 9 ट्रेनें रद्द, 14 के रूट बदले, यात्री परेशान


