Latehar : जिले के मनिका थाना क्षेत्र के बजरमरी टोला में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने टुनेश्वर यादव के घर के सभी सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया और इसके बाद घर में रखे नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
पीड़ित टुनेश्वर यादव ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। इसी दौरान देर रात चोर घर में घुसे और मुख्य दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। इसके बाद गोदरेज और बक्सों के ताले तोड़कर करीब 50 हजार रुपये नकद और लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
रात में परिवार की एक सदस्य की नींद खुलने पर हलचल का आभास हुआ। शोर मचाने के बाद सभी लोग जागे और किसी तरह दरवाजे की कुंडी खोलकर बाहर निकले, लेकिन तब तक चोर भाग चुके थे। घर के आंगन में खून के धब्बे मिलने से आशंका जताई जा रही है कि चोरी के दौरान किसी चोर को चोट लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Also Read : रात में खेत की रखवाली कर रहे किसान पर हाथी का हमला, मौ’त


