Patna : बिहार के अरवल जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला दंडाधिकारी अमृषा बैंस ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह और शाम के समय तापमान अत्यंत कम रहने की संभावना है, जिससे छोटे बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बढ़ गया है।
जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत 04 जनवरी 2026 से 08 जनवरी 2026 तक कक्षा 8 तक के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों और निजी कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई पूर्ण रूप से बंद करने का आदेश दिया है। इस दौरान इन बच्चों को विद्यालय या कोचिंग में उपस्थित नहीं होना होगा।
कक्षा 9 और उससे ऊपर की कक्षाओं के लिए आंशिक राहत दी गई है। इन कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक सीमित समय में और सावधानी के साथ संचालित की जाएगी। वहीं, सरकारी आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियां और बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए संचालित विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।
Also Read : दुमका में ट्रेन से कटकर जवान लड़के की मौ’त


