Jamtara : जामताड़ा में अपराध की घटनाओं में निरंतर बढ़ोतरी को लेकर जामताड़ा नागरिक मंच ने शनिवार को पुराना कोर्ट परिसर में प्रेस वार्ता आयोजित की और चिंता व्यक्त की। मंच के अध्यक्ष समाजसेवी राजा नंद गोपाल सिंह ने कहा कि आम लोग सुरक्षा के लिए पुलिस पर निर्भर हैं, लेकिन पुलिस अपराधियों को नियंत्रित करने में असफल प्रतीत हो रही है। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष संतन मिश्रा ने कहा कि पुलिस का ध्यान अवैध उगाही पर केंद्रित होने के कारण आम जनता और व्यवसायियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। वरिष्ठ अधिवक्ता जयराम राय ने चिंता जताते हुए कहा कि पहली बार शहर में किसी व्यवसायिक प्रतिष्ठान में घुसकर गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं, और लूट की घटनाओं के बावजूद पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने का दावा करती रही है।
आजसू जिला अध्यक्ष राजेश महतो ने बालाजी ज्वेलर्स में हाल ही में हुई लूट और गोलीबारी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि इससे पूरे शहर में, विशेषकर व्यवसायी वर्ग में भय का माहौल फैल गया है। उन्होंने जिला पुलिस प्रशासन से इस घटना का शीघ्र और प्रभावी समाधान निकालने की मांग की, ताकि लोगों और व्यवसायियों का पुलिस पर विश्वास मजबूत बना रहे।
इस अवसर पर सोमनाथ सिंह, सूरज देव महतो, नंदकिशोर सिंह, गौर बावरी, प्रभाष हेम्ब्रम, संजीव सिन्हा, अनवर अंसारी, नरेश तुरी, कमल सिंह सहित नागरिक मंच के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
Also Read : गढ़वा में शुरू हुआ अखिल भारतीय विंटर कराटे कैंप, एसपी ने किया उद्घाटन


