Ranchi : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची का दीक्षांत समारोह वर्ष 2025 सोमवार, 29 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह का आयोजन झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (JUT) के ऑडिटोरियम, साइंस एंड टेक्नोलॉजी कैंपस, सिरखाटोली, नामकुम में किया जाएगा। इस अवसर पर संस्थान के कुल 370 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। दीक्षांत समारोह में बीटेक, एमटेक और पीएचडी पाठ्यक्रमों के छात्र शामिल होंगे। बीटेक 2020–2024 और 2021–2025 बैच के मेधावी विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल, बेस्ट गर्ल स्टूडेंट मेडल और बेस्ट स्टूडेंट शील्ड से सम्मानित किया जाएगा।
बीटेक 2020–2024 बैच में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग शाखा के कुल 117 छात्र अध्ययनरत रहे। वहीं बीटेक 2021–2025 बैच में कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन तथा एंबेडेड सिस्टम्स एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स शाखाओं के कुल 239 छात्र शामिल हैं। इसके अलावा एमटेक 2022–2024 और 2023–2025 बैच के सात छात्रों को स्नातकोत्तर डिग्री दी जाएगी। साथ ही सात शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की जाएगी।
दीक्षांत समारोह की शैक्षणिक शोभायात्रा का नेतृत्व IIIT रांची के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. भट्ट (सेवानिवृत्त) करेंगे। वे वर्तमान में इंडियन स्पेस एसोसिएशन के डायरेक्टर जनरल हैं। उनके साथ संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव भी उपस्थित रहेंगे।
समारोह में दो विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इनमें आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी.एन. सिंह तथा प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता, विकास भारती के सचिव और पद्मश्री सम्मानित अशोक भगत शामिल हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ होंगे। संस्थान प्रशासन के अनुसार, दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पड़ाव है। यह अवसर छात्रों की वर्षों की मेहनत और उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ-साथ तकनीकी शिक्षा और शोध के क्षेत्र में IIIT रांची की भूमिका को भी रेखांकित करता है।
Also Read : देवघर एम्स की छवि को खराब न करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : इरफान अंसारी


