Garhwa : जिला मुख्यालय के पास बेलचंपा स्थित विश्वस्तरीय सुरक्षा कंपनी एसआईएस (SIS) लिमिटेड के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को ‘अखिल भारतीय विंटर कराटे कैंप’ का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। यह चार दिवसीय कराटे शिविर 27 से 30 दिसंबर 2025 तक चलेगा। इसमें पूरे भारत से लगभग 350 प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। उद्घाटन के दौरान जीटीओ (GTO) 40वें बैच के अधिकारी कैडर ने परेड और मार्च पास्ट का शानदार प्रदर्शन किया, जिसकी सलामी पुलिस अधीक्षक ने ली।
जोनल कमांडर रमेश जसवाल ने बताया कि यह प्रशिक्षण जवानों, अधिकारियों और स्पेशल स्क्वाड के लिए बेहद उपयोगी है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाना, जीवन की कठिन परिस्थितियों में सर्वाइव करना और दूसरों को सुरक्षित रखने के लिए तैयार करना है।
विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी
कार्यक्रम में सुरक्षा और कराटे क्षेत्र के कई दिग्गज मौजूद थे। दिल्ली से वाइस प्रेसिडेंट अमिया शंकर, पटना से ऑल इंडिया कराटे के चीफ दिनेश कुमार सिंह, हजारीबाग कैंप से समीर बग्गा, प्रवीण कुमार, पीके सिंह और सुनील प्रसाद जैसे वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। यह शिविर सुरक्षाकर्मियों के शारीरिक और मानसिक कौशल को निखारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Also Read : मंत्री संजय प्रसाद यादव की मां के शांति भोज में शामिल हुए सीएम हेमंत, दी श्रद्धांजलि


