जोहार लाइव ब्यूरो
रांची : झारखंड के खनन क्षेत्र में निवेश बढ़ाने, आधुनिक तकनीक अपनाने और पर्यावरण संरक्षण को मजबूत करने की दिशा में शुक्रवार को रांची में मंथन हुआ. इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) के झारखंड स्टेट काउंसिल की ओर से होटल चाणक्य बीएनआर में 7वें ICC माइनिंग समिट का आयोजन किया गया. इस दौरान ‘झारखंड माइनिंग विजन 2030’ नामक शोध प्रकाशन का लोकार्पण हुआ.
नवंबर 2026 में प्रकाशित इस शोध पत्रिका में खनन क्षेत्र में कारोबार की सुगमता, निवेश आकर्षित करने और खनिज प्रशासन को मजबूत बनाने के उपायों पर भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की गई है. समिट में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों ने झारखंड के खनन क्षेत्र की संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की.
पहले तकनीकी सत्र में महत्वपूर्ण खनिजों की खोज, उत्खनन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने नीतिगत सुधार, निवेश बढ़ाने, घरेलू क्षमता मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने की जरूरत बताई. सत्र का संचालन मेकॉन के सीनियर कंसल्टेंट यू. के. विश्वकर्मा ने किया. इसमें आर. एस. पांडेय, मनोज कुमार और संदीप सिंह शामिल हुए.
खनन में AI और ऑटोमेशन का इस्तेमाल
दूसरे सत्र में खनन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑटोमेशन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) और डिजिटल तकनीकों के इस्तेमाल पर चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने कहा कि इनसे खनन की उत्पादकता, परिचालन क्षमता और कामगारों की सुरक्षा बेहतर हो सकती है. प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, रियल टाइम मॉनिटरिंग और ऑटोनॉमस मशीनों के इस्तेमाल पर भी विचार रखे गए. सत्र में मेकॉन के अविनाश कुमार साहू, टाटा स्टील के कुमार सत्यम और एमएमडी इंडिया के सुभाजीत चौधरी शामिल हुए.
पर्यावरण संरक्षण के साथ खनन
तीसरे सत्र में खनिज उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने पर चर्चा हुई. इसमें खदानों का पुनर्वास, भूमि बहाली, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ तकनीकों को अपनाने जैसे मुद्दे शामिल रहे. पैनल में रुंगटा माइंस के मनवेंद्र कुमार, हिंडालको की अनूमा बसु और डेलॉयट की डॉ. अमृता गांगुली ने विचार रखे.
कार्यक्रम की शुरुआत ICC झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन डॉ. अमृतांशु प्रसाद के स्वागत संबोधन से हुई. मेकॉन के डायरेक्टर (टेक्निकल) अमित राज ने थीम एड्रेस दिया, जबकि हिंडालको के बिजेश झा ने विशेष संबोधन किया. मेकॉन के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संजय कुमार वर्मा ने भी विचार रखे. अंत में विकास आर. सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन किया.
‘इनोवेट, कोलैबोरेट, सस्टेन’ थीम पर आयोजित समिट में झारखंड के खनन क्षेत्र को तकनीकी रूप से सक्षम, निवेश के अनुकूल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने पर जोर दिया गया.


No comments yet. Be the first to comment!