हवाई यात्रा के आसमान छूते किराये को लेकर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक पत्र लिखा है. उन्होंने रांची से दिल्ली के हवाई टिकट का किराया करीब 31 हजार रुपये होने का हवाला देते हुए केंद्र सरकार से हवाई किराये पर नियंत्रण के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की है.
मंत्री ने अपने पत्र में एयरपोर्ट पर हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह एक महिला महंगे टिकट के कारण गंभीर रूप से बीमार अपने पति से मिलने के लिए परेशान थी. महिला के पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और अपनी पत्नी को आखिरी बार देखना चाहते थे.
31 हजार का टिकट देखकर रह गए हैरान
डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि झारखंड कैबिनेट की ओर से भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उन्हें अचानक रांची से दिल्ली जाना पड़ा. जब उन्होंने हवाई टिकट का किराया देखा तो हैरान रह गए. रांची से दिल्ली का किराया करीब 31 हजार रुपये था.
मंत्री ने लिखा कि उनकी यात्रा का खर्च झारखंड सरकार वहन कर लेगी, लेकिन उस मध्यमवर्गीय परिवार के बारे में कौन सोचेगा, जिसके लिए इतनी बड़ी रकम जुटाना भी मुश्किल है?
पति की आखिरी इच्छा पूरी करने के लिए रो रही थी महिला
मंत्री ने पत्र में एयरपोर्ट पर मिली एक महिला का दर्द साझा किया. उन्होंने बताया कि महिला टिकट का किराया देखकर रो रही थी. बातचीत में पता चला कि उसका पति चंडीगढ़ में किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा है. उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसने अपनी अंतिम इच्छा के तौर पर पत्नी को एक बार देखने की बात कही थी.
लेकिन हवाई टिकट का महंगा किराया महिला के लिए पति तक पहुंचने में सबसे बड़ी बाधा बन गया था. यह दृश्य देखकर मंत्री भावुक हो गए. उन्होंने अपने स्तर से मदद की और अन्य लोगों के सहयोग से महिला के टिकट की व्यवस्था कराई, ताकि वह अपने पति से मिल सके.
प्रधानमंत्री से चार बड़ी मांगें
डॉ. इरफान अंसारी ने प्रधानमंत्री से नागरिक उड्डयन मंत्रालय को तत्काल निर्देश देने और आम लोगों को राहत देने वाली किराया नीति बनाने का आग्रह किया है. उन्होंने चार प्रमुख मांगें रखी हैं.
- हवाई किराये की अधिकतम सीमा निर्धारित की जाए.
- एयरलाइंस कंपनियों की ओर से अचानक और मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर नियंत्रण लगाया जाए.
- आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों और उनके परिजनों के लिए विशेष रियायती टिकट की व्यवस्था हो.
- किराया निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और कंपनियों की मनमानी पर सख्त कार्रवाई हो.
राजनीति से ऊपर इंसानियत, मंत्री ने की अपील
मंत्री ने पत्र में लिखा कि वह कांग्रेस पार्टी के मंत्री हैं और संभव है कि राजनीतिक विचारधारा के कारण उनकी बात को उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाए. लेकिन इस बार वह किसी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि के रूप में नहीं, बल्कि एक इंसान और जनसेवक के तौर पर प्रधानमंत्री से अपील कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन इंसानियत सबसे ऊपर होनी चाहिए. देश में अमीरों के लिए हवाई सफर आसान है, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए अचानक यात्रा करना बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता है.
डॉ. अंसारी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि पत्र को राजनीतिक नजरिये से नहीं, बल्कि उस महिला के आंसुओं और उसकी बेबसी को महसूस करते हुए पढ़ा जाए. उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी दूसरी पत्नी को अपने पति की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए एयरपोर्ट पर टिकट के किराये के सामने बेबस होकर आंसू न बहाने पड़ें. किसी की जिंदगी का आखिरी मिलन एयरलाइंस कंपनियों के मुनाफे का सौदा नहीं बनना चाहिए.
No comments yet. Be the first to comment!