जोहार लाइव ब्यूरो
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोक दिया गया. सौरव दास के मुताबिक, उन्हें ब्रिटेन के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था. उन्हें बीती रात एक बजे लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होना था, लेकिन इमिग्रेशन जांच के दौरान ही रोक दिया गया.
सौरव दास ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर उनकी विदेश यात्रा में बाधा डाल रही है. उन्होंने दावा किया कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कॉकरोच मूवमेंट पर अपनी बात रखने के निमंत्रण मिले थे.
एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में होनी थी चर्चा
इस मामले में सामने आई आधिकारिक कार्यक्रम सूची के मुताबिक, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ को लेकर पैनल चर्चा आयोजित होनी थी. इसमें CJP संस्थापक अभिजीत दीपके और सौरव दास के नाम शामिल थे. कार्यक्रम दोपहर दो बजे से तीन बजे तक निर्धारित था.
हालांकि, यह स्पष्ट करना जरूरी है कि ऑक्सफोर्ड यूनियन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है, बल्कि स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाली एक डिबेटिंग सोसाइटी है. ऐसे में ऑक्सफोर्ड यूनियन के कार्यक्रम में आमंत्रण को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के आधिकारिक व्याख्यान के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
सौरव बोले- प्रतिष्ठित संस्थानों में जाने से डर रही सरकार
सौरव दास ने सोशल मीडिया पोस्ट में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबर्ग में कॉकरोच मूवमेंट पर बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था. भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए काफी मेहनत की थी, लेकिन सरकार ने उन्हें विदेश जाने से रोक दिया.
उन्होंने सरकार की कार्रवाई को बुद्धिजीवियों की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया. हालांकि, उन्हें इमिग्रेशन काउंटर पर रोके जाने के आधिकारिक कारण की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
सौरव दास के आरोपों के बाद CJP के अन्य नेताओं ने भी सरकार पर हमला बोला. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने तंज कसते हुए कहा कि काश सौरव ने कोई बैंक लूटा होता या वित्तीय धोखाधड़ी की होती, तो शायद सरकार उन्हें लंदन जाने की अनुमति दे देती.
वहीं, CJP नेता आशुतोष रांका ने भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे तेज दिमाग वाले लोग नीरव मोदी को देश से बाहर जाने दे सकते हैं, लेकिन सौरव दास को विदेश जाने से रोक सकते हैं.
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने भी सौरव का समर्थन किया. उन्होंने बताया कि उन्हें और सौरव दास, दोनों को ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आमंत्रित किया गया था. रत्ना सिंह के अनुसार, कुछ दिन पहले उनका वीजा भी अस्वीकार कर दिया गया था. उन्होंने सौरव को रोके जाने की घटना को शर्मनाक बताया.
अक्टूबर में तिहाड़ जेल से रिहा हुए थे सौरव
गौरतलब है कि सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्टूबर को जंतर-मंतर क्षेत्र में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में प्रिवेंटिव अरेस्ट किया गया था. दोनों को पहले पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जिसे बाद में दो दिनों के लिए बढ़ा दिया गया था.
इसके बाद 21 अक्टूबर को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों को 50-50 हजार रुपये के निजी मुचलके और जमानती बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया था.
अदालत में दोनों ने लिखित आश्वासन दिया था कि वे शांति भंग करने वाली गतिविधियों में शामिल नहीं होंगे, जंतर-मंतर पर कानूनी प्रक्रिया के तहत अनुमति मिलने तक प्रदर्शन का आह्वान नहीं करेंगे और भविष्य में होने वाले प्रदर्शनों को संविधान के दायरे में रखेंगे.
Also Read : बुटी क्रिकेट क्लब की पलक का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयन, इंग्लैंड दौरे पर दिखाएंगी दम
No comments yet. Be the first to comment!