जोहार लाइव ब्यूरो
हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के कर्मचारियों के लंबित वेतन और संस्थान के पुनरुद्धार का मुद्दा एक बार फिर केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया है. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के नेतृत्व में एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की.
मुलाकात के दौरान एचईसी मजदूर संघ (बीएमएस) के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने श्रम मंत्री को मांग पत्र सौंपा. इसमें कर्मचारियों के पिछले 32 महीनों से लंबित वेतन का भुगतान जल्द कराने का आग्रह किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट पैदा हो गया है.
IRP की गतिविधियों पर रोक लगाने का आग्रह
प्रतिनिधिमंडल ने एनसीएलटी (NCLT) द्वारा नियुक्त आईआरपी (IRP) अधिकारी की गतिविधियों पर भी चिंता जताई. संघ ने इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि संस्थान और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए.
BHEL में विलय का प्रस्ताव, मंत्री ने दिया आश्वासन
एचईसी के स्थायी समाधान और पुनरुद्धार के लिए प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान का भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) में विलय करने का प्रस्ताव भी रखा. केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना. उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार एचईसी कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और इनके सकारात्मक एवं स्थायी समाधान के लिए प्रयास कर रही है.
बैठक के बाद महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय नेतृत्व के हस्तक्षेप से एचईसी के संकटग्रस्त कर्मचारियों को जल्द राहत मिलेगी और संस्थान के पुनरुद्धार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
इस अवसर पर रमा शंकर प्रसाद, विकास तिवारी, सुनील कुमार पांडेय, रविकांत, संजय कुमार, सुनील कुमार, रजनीश सहदेव, लक्ष्मण राम, मनोज कुमार प्रसाद, उदय शंकर, कुंदन शर्मा और जितेंद्र कुमार उपस्थित थे.
Also Read:अकवान तूफान से प्रभावित किसानों का एक भी बीमा दावा लंबित न रहे : शिल्पी नेहा तिर्की
No comments yet. Be the first to comment!