जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों और बीमा कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी परिस्थिति में किसानों का एक भी फसल बीमा दावा लंबित नहीं रहना चाहिए. ‘अकवान’ तूफान से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए विभागीय स्तर पर मिशन मोड में काम किया जाए. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कोई भी किसान फसल बीमा के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए.
सोमवार को मंत्री की अध्यक्षता में ‘अकवान’ तूफान से हुई फसल क्षति और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत मुआवजा भुगतान की स्थिति की उच्चस्तरीय समीक्षा की गई. बैठक में कृषि विभाग के निदेशक, संयुक्त निदेशक, विभागीय अधिकारी, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि तथा सभी जिलों के जिला कृषि पदाधिकारी और जिला सहकारिता पदाधिकारी शामिल हुए.
हर जिले में बनेगा बीमा दावा निगरानी डैशबोर्ड
समीक्षा बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि किसानों के बीमा दावों की स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रत्येक जिले में विशेष डैशबोर्ड तैयार किया जाए. इसका एक्सेस कृषि विभाग, कृषि निदेशालय, बैंकों और बीमा कंपनियों को दिया जाएगा, ताकि किसानों के आवेदनों और बीमा दावों की प्रगति की नियमित निगरानी हो सके.
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया में लापरवाही, अनावश्यक कागजी कार्रवाई या तकनीकी बाधाओं के कारण किसानों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए. जिलावार वर्षा, फसल क्षति और प्राप्त बीमा दावों की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि वास्तविक प्रभावित किसानों की पहचान कर दावों का निष्पक्ष और त्वरित निष्पादन किया जा सके.
72 घंटे में देनी होगी फसल क्षति की सूचना
मंत्री ने किसानों से अपील की कि स्थानीय आपदा या फसल कटाई के बाद नुकसान होने की स्थिति में क्षति की तारीख से 72 घंटे के भीतर टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447 पर सूचना दें. सूचना मिलने के 48 घंटे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी की टीम नुकसान के आकलन के लिए भेजी जाएगी.
किसानों को बीमा दावों से संबंधित शिकायतों और आवेदनों के लिए प्रत्येक जिले में जिला कृषि पदाधिकारी तथा संबंधित बीमा कंपनियों के माध्यम से पांच-पांच व्हाट्सऐप नंबर जारी करने का निर्देश भी दिया गया है. इन नंबरों पर किसान सीधे फसल क्षति की सूचना और बीमा दावों से संबंधित आवेदन भेज सकेंगे.
किसानों के प्रीमियम का भुगतान भी कर रही राज्य सरकार
बैठक में मंत्री ने कहा कि झारखंड देश का एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार के निर्धारित अंशदान के अतिरिक्त किसानों के हिस्से के प्रीमियम का भुगतान भी राज्य सरकार करती है. इसका उद्देश्य किसानों पर आर्थिक बोझ कम करना और अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़कर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के विरुद्ध सुरक्षा प्रदान करना है.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों, बैंकों और बीमा कंपनियों को निर्देश दिया कि किसानों को मुआवजे के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें. उन्होंने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं. सरकार किसानों के साथ खड़ी है और प्रभावित किसानों को उनका हक दिलाने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
No comments yet. Be the first to comment!