झारखंड : जामताड़ा में साइबर अपराधियों की धरपकड़ तेज करने की तैयारी, हॉटस्पॉट क्षेत्रों में होगी छापेमारी

जामताड़ा : जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने शनिवार को साइबर अपराध से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और साइबर अपराध के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया.

एसपी के कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में डीएसपी (साइबर), साइबर अपराध थाना प्रभारी और विभिन्न मामलों के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक शामिल हुए. समीक्षा के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के अभिलेखों का अवलोकन किया और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को लंबित कार्रवाई जल्द पूरी करने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.

फर्जी सिम आपूर्तिकर्ताओं की भी होगी पहचान

एसपी ने साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सूचना एवं आसूचना संकलन तेज करने का निर्देश दिया. उन्होंने साइबर अपराध के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार छापेमारी करने और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा. साइबर ठगी की शिकायत मिलने पर तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी साक्ष्य जुटाने और अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया.

इसके अलावा बैंक और टेलीकॉम कंपनियों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने पर जोर दिया गया. एसपी ने स्कूल-कॉलेजों के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि छात्र-छात्राओं और आम लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके.

जामताड़ा पुलिस ने आम लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है. किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है.

Also Read : झारखंड : पलामू पुलिस ने गांधीगिरी से पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, बिना हेलमेट वालों को पहनाई माला तो नियम मानने वालों को दिया गुलाब

💬 Comments
?

No comments yet. Be the first to comment!