रांची/नई दिल्ली : दिल्ली में आयोजित भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड के पारंपरिक सिल्क और खादी उत्पादों को ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है. झारखंड पवेलियन में झारक्राफ्ट के स्टॉल पर उपलब्ध तसर और मलबेरी सिल्क की साड़ियां आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. वहीं, झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर भी पारंपरिक खादी के कपड़ों और हर्बल उत्पादों की मांग देखने को मिल रही है.
झारक्राफ्ट के स्टॉल पर तसर, मलबेरी और बनारसी सिल्क की साड़ियों की विस्तृत रेंज उपलब्ध है. इनकी कीमत 2,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये तक है. पारंपरिक बुनाई और आकर्षक डिजाइन वाली साड़ियों के अलावा दुपट्टे, कॉटन बेडशीट और अन्य वस्त्र उत्पाद भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं. सिल्क की गुणवत्ता और डिजाइन के कारण इन उत्पादों को लेकर आगंतुकों में विशेष रुचि देखी जा रही है.
खादी के कपड़ों के साथ हर्बल उत्पादों की भी मांग
झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर जैकेट, शॉल, साड़ियां, पैंट और दुपट्टे सहित खादी उत्पादों का संग्रह उपलब्ध है. इसके अलावा शैंपू, फेसवॉश, हर्बल हेयर ऑयल और बॉडी लोशन जैसे व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं. पारंपरिक कपड़ों के साथ इन उत्पादों को भी मेले में आने वाले लोग पसंद कर रहे हैं.
झारक्राफ्ट के स्टॉल संचालक जायल के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बी2बी कारोबार के दौरान बिक्री अपेक्षाकृत धीमी रही. हालांकि, आम जनता के लिए मेला खुलने के बाद स्टॉल पर आने वाले लोगों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. इसका सकारात्मक असर बिक्री पर भी दिखाई दे रहा है. उन्हें उम्मीद है कि मेले के आगामी दिनों में ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही के साथ उत्पादों की मांग और बिक्री में और इजाफा होगा.
राष्ट्रीय बाजार में झारखंड के उत्पादों को पहचान दिलाने का मंच
IITF-2026 झारखंड के पारंपरिक हथकरघा, रेशम उत्पादन और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध करा रहा है. झारक्राफ्ट के माध्यम से राज्य के स्थानीय कारीगरों और बुनकरों के उत्पादों को बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसे आयोजनों से झारखंड की पारंपरिक बुनकरी, स्थानीय कौशल और उद्यमिता को नए ग्राहक और व्यापक बाजार मिलने की संभावनाएं बढ़ती हैं.
No comments yet. Be the first to comment!