रांची: लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 22 से 24 नवंबर 2026 तक बोकारो में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया.
महोत्सव को लेकर आयोजन समिति की ओर से मुख्यमंत्री को आमंत्रण दिया गया है. मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने ललपनिया में आयोजित होने वाले ‘लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव’ से जुड़े सभी तैयारियों की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने सफल महोत्सव की शुभकामनाएं दी.
इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी उपस्थित रहे. इसके साथ अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन एवं सदस्य लुदू मांझी मौजूद थे.
क्या है लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़
लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के ललपनिया क्षेत्र में स्थित संताल आदिवासी समुदाय का प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल है. संताल समाज के लोग इसे अपनी धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र मानते हैं.
इस स्थल से जुड़ी पारंपरिक मान्यता के अनुसार, लुगू बाबा की अध्यक्षता में यहां संताल समाज के पूर्वजों ने 12 वर्षों तक विचार-विमर्श किया था. इस दौरान समाज के रीति-रिवाज, सामाजिक नियम और जीवन से जुड़े संस्कारों को व्यवस्थित किया गया था. इसी वजह से लुगू बुरु को संताल समाज की पारंपरिक धार्मिक और सामाजिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है.
यहां हर वर्ष कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय संताल सरना महाधर्म सम्मेलन आयोजित होता है. इसमें झारखंड के अलावा देश के विभिन्न राज्यों और विदेशों से भी संताल समुदाय के श्रद्धालु शामिल होते हैं. धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संथाली भाषा, संस्कृति, परंपरा और आदिवासी पहचान से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं.
तीन दिवसीय राजकीय महोत्सव के आयोजन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं. इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है.
No comments yet. Be the first to comment!