रांची। बंगाल की खाड़ी में बने गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अक्वान’ की तीव्रता अब काफी कम हो गई है. ओडिशा तट पार करने के बाद यह सिस्टम आगे कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है. हालांकि, इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश का सिलसिला अभी जारी रहने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के 21 नवंबर की रात 1:15 बजे जारी बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को झारखंड के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अक्वान’ का अवशेष 20 नवंबर की रात 11:30 बजे तक मध्य ओडिशा के ऊपर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र (Well Marked Low Pressure Area) में बदल गया था. इसके उत्तर दिशा में आगे बढ़ने और अगले छह घंटों में और कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई थी. इस तरह अब यह चक्रवाती तूफान नहीं रह गया है, लेकिन इससे जुड़ी मौसमी गतिविधियों का असर पूर्वी भारत में बना हुआ है.
झारखंड में कई जगह बारिश, कहीं-कहीं भारी वर्षा
IMD के ताजा बुलेटिन में झारखंड के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. राज्य में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव, शहरी क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई है.
बिहार और बंगाल में भी बारिश का अनुमान
चक्रवात के कमजोर होने के बावजूद इसका प्रभाव आसपास के राज्यों में भी देखा जा रहा है. मौसम विभाग ने 21 नवंबर को पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. बिहार के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ के पूर्वी हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश के कारण कच्ची और पक्की सड़कों को मामूली नुकसान, निचले इलाकों में जलजमाव और बड़े शहरों में यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई है. लोगों को जलजमाव वाले रास्तों से बचने और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
Also Read : बंगाल की खाड़ी के चक्रवात अकवन का झारखंड पर असर, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

